अवकाशउतराखंड

कांवड मेले को लेकर हरिद्वार में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक स्कूलों में अवकाश घोषित

हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान कांवड़ियों की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त  तक अवकाश घोषित कर दिया है।

इस अवधि में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी की ओर से शनिवार को आदेश भी जारी कर दिया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि कांवड़ मेले के दौरान प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने से राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर अत्यधिक भीड़ रहती है। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्जन और कई रास्तों को अस्थायी रूप से बंद करने की व्यवस्था लागू की जाती है। ऐसे में छात्र छात्राओं को विद्यालय आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उनकी सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक कार्य स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह अवकाश केवल नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए रहेगा। विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने के उद्देश्य से सभी संस्थानों को ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य संचालित करना होगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवकाश अवधि के दौरान विद्यार्थियों की शिक्षा में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आना चाहिए। सभी शिक्षण संस्थान अपने अपने स्तर पर ऑनलाइन कक्षाओं, अध्ययन सामग्री और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित करें। साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों को समय रहते ऑनलाइन कक्षाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन ने शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों तथा विद्यालय प्रबंधनों और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हरिद्वार में इस बार 30 जुलाई से कांवड़ मेले की शुरुआत होगी। 11 अगस्त तक कांवड़ मेला चलेगा। पिछले साल कावड़ मेले के दौरान 4 करोड़ से अधिक कांवड़िए हरिद्वार आए थे। इस बार अनुमान है कि यह आंकड़ा 5 करोड़ तक पहुंच सकता है। प्रशासन जोर-जोर से मेले की तैयारी को अंतिम रूप देने की तैयारी कर रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कांवड़ मेले को देखते हुए 30 जुलाई से 11 अगस्त तक अवकाश रहेगा। ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रहेगी। इस व्यवस्था से एक ओर कांवड़ मेले के दौरान यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी. दूसरी ओर विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित नहीं होगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!