उतराखंडपुलिस डायरी

कार से स्टंट करना पड़ा भारी, युवक हिरासत में, वाहन सीज

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के बीएचईएल स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास एसयूवी कार से स्टंट और हुड़दंगबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए कार सवार युवकों को चिन्हित करते हुए पकड़ लिया और कार को सीज कर दिया। साथ ही कार चला रहे  युवक का चालान कर दिया गया है।

दरअसल बीएचईएल स्टेडियम के पास से अक्सर कार और बाइक स्टंट के वीडियो सामने आते हैं। पुलिस ऐसे मामलों पर कार्रवाई भी करती है बावजूद इसके हुड़दंगी बाज नहीं आते हैं। वहीं सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए बनाई गई एक रील ने इस युवक की मुश्किलें बढ़ा दी। सड़क पर खतरनाक स्टंट कर वीडियो बनाना उसे इतना महंगा पड़ा कि वायरल वीडियो के सहारे हरिद्वार पुलिस सीधे वाहन और चालक तक पहुंच गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए रानीपुर पुलिस ने एक्सयूवी कार को सीज कर चालक समेत स्टंट कर रहे युवक को हिरासत में ले लिया।
मामला बीएचईएल स्टेडियम के आसपास का है, जहां एक एक्सयूवी कार से खतरनाक स्टंट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली रानीपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और कुछ ही समय में वाहन संख्या की पहचान कर ली.पड़ताल में वाहन चालक की पहचान साजिद पुत्र फुरकान, निवासी एक्कड़ खुर्द, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने चालक और स्टंट कर रहे युवक को हिरासत में लेकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक्सयूवी वाहन को सीज कर दिया। हरिद्वार पुलिस ने दो टूक कहा है कि सड़कें रील बनाने या स्टंटबाजी का मंच नहीं हैं।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर चालान काटा गया है और कार को भी सीज कर दिया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!