उतराखंडमनोरंजन

ऋषिकेश में धूमधाम से संपन्न हुआ आरोग्य गरबा एवं डांडिया उत्सव-2026, सीजन-2

मुख्य अतिथियों ने मां भगवती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित

ऋषिकेश। नेपाली फार्म के निकट स्थित अनिल फार्म में आरोग्य गरबा एवं डांडिया उत्सव-2026, सीजन-2 का आयोजन उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गरबा एवं डांडिया के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता पूर्व ग्राम प्रधान चमन सिंह पोखरियाल, अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के संस्थापक एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ऋषिकेश के अध्यक्ष  दिनेश पैन्यूली  ने मां भगवती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया गया।
उत्सव के दौरान गरबा एवं डांडिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्साह और कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले आयोजन टीम से जुड़े कार्यकर्ताओं को भी स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर डॉ. राजे नेगी ने सांस्कृतिक आयोजनों को भारतीय परंपराओं और लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी सहयोग, सौहार्द और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन अमित राणा, अंजना रतूड़ी एवं ललिता रावत ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम संयोजक आराधना एवं अभिषेक रांगड़ के संयोजन में आयोजित इस उत्सव ने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में सुभाष भट्ट,आयुषी नेगी,प्रियांशु रांगड़, कुणाल सुम्भ,विशेषा रावत,समीक्षा पैन्यूली,शालिनी पंवार,मीडिया प्रभारी सौरव सिंह ने सहयोग किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!