
देहरादून। राजधानी देहरादून में दशहरा महोत्सव इस बार खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को 79वां दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस बार उत्तराखंड का सबसे ऊंचा 181 फीट का रावण का पुतला तैयार किया गया है, जिस पर करीब 21 लाख रुपये की लागत आई है। रावण का दहन रिमोट के जरिए किया जाएगा।
बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दशहरा महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस बार रावण के पुतले की ऊंचाई बढ़ाकर 181 फीट की गई है, जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा।
कमेटी के अध्यक्ष संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस बार शोभायात्रा के प्रवेश मार्ग में बदलाव किया गया है। जिस मार्ग से शोभायात्रा परेड ग्राउंड पहुंचती है, वहां से इस बार मैदान में प्रवेश नहीं होगा।










