
ऋषिकेश। हल्द्वानी में बीती 8 अगस्त 2026 को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के पश्चात भाजपा के सहयोगी संगठनों द्वारा कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण किए जाने के प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
इसी प्रकरण के संबंध में एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान के खिलाफ भाजपा की ओर से SC/ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराए जाने को लेकर भी कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस का आरोप है कि सामाजिक सौहार्द और संविधान की मूल भावना से जुड़े इस गंभीर प्रकरण में भाजपा द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के उद्देश्य से किया गया है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम को जायज ठहराए जाने को भी कांग्रेस ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की है।
इन सभी मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आगामी 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों को लेकर रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन, ऋषिकेश में महानगर कांग्रेस कमेटी की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानगर के प्रबुद्ध कांग्रेसजनों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
बैठक में कांग्रेसजनों ने कहा कि एक ओर भाजपा से जुड़े संगठनों द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण किया जाता है और दूसरी ओर इस मामले को लेकर आवाज उठाने वाले राष्ट्रीय नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में एफआईआर दर्ज कराई जाती है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक भाईचारे के लिए गंभीर विषय बताते हुए सरकार से पूरे प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि 7 सितंबर का मुख्यमंत्री आवास कूच केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान, समानता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की आवाज है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल होने का आह्वान किया।
आज के कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव जयेंन्द्र रमोला, दीप शर्मा, पूर्व कबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश सचिव वरिष्ठ कांग्रेसी सतीश शर्मा, मदन मोहन शर्मा, अरविन्द जैन, प्रदीप जैन, चंदन सिंह पँवार, महानगर उपाध्यक्ष भारत शर्मा, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा,प्रदेश महासचिव ओबीसी सिंहराज पोसवाल, जिलाध्यक्ष ओबीसी संजय भारद्वाज, अध्यक्ष ओबीसी सुमित चौहान, मधु मिश्रा, प्यारेलाल जुगरान, देवेंद्र प्रजापति,सरोजिनी थपलियाल, रुकम पोखरियाल, ऋषि सिंघल, भूपेंद्र राणा, मदन शर्मा, अशोक शर्मा, विनोद रतूड़ी,अनिल गुप्ता, राजेश शाह, बप्पी अधिकारी, राजू गुप्ता, पुरंजय भरद्वाज, भूपेंद्र जाटव, आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे।










