उतराखंड

कांवड़ मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, अधूरे कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

ऋ​षिकेश। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल ने शुक्रवार को मुनिकीरेती और तपोवन क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला में संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को रुके हुए कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने जिलाधिकारी और एसएसपी श्वेता चौबे का स्वागत किया। समीक्षा के दौरान डीएम ने लोक निर्माण विभाग को 25 जुलाई से रामझूला पुल पर आवाजाही बंद करने और इसकी व्यापक सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए। यूपीसीएल को खराब विद्युत लाइनों की मरम्मत, खाद्य आपूर्ति विभाग को दुकानों और होटलों की जांच, जबकि नगर पालिका और नगर पंचायत तपोवन को पार्किंग, शौचालयों और मोबाइल टॉयलेट की साफ-सफाई तथा रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

जल संस्थान को पेयजल की निर्बाध आपूर्ति, वन विभाग को पेड़ों पर झूलती तारों वाले स्थानों पर लॉपिंग करने और नीर वॉटर फॉल में आवाजाही बंद कराने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा विभाग को स्वास्थ्य चेक पोस्टों पर पर्याप्त एंटी-वेनम उपलब्ध रखने तथा एनएच विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों पर शीघ्र पैचवर्क कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी पिंक टॉयलेट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने विक्रम, ऑटो और टैक्सी यूनियन तथा व्यापार मंडल से ओवररेटिंग न करने और मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। बैठक में उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, सीओ सुरेंद्र भंडारी, मुनिकीरेती थाना प्रभारी प्रदीप चौहान, अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, अधिशासी अधिकारी यशवीर सिंह, सभासद विनोद सकलानी, अधिशासी अभियंता सिंचाई कमल सिंह, सहायक अभियंता दर्मियान सिंह असवाल, अवर अभियंता आशीष कोंडल, अवर अभियंता देवेश अवस्थी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!