
चमोली। आगामी 23 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा के तहत बदरीनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत चमोली पुलिस ने धाम में सुरक्षा व्यवस्था को काफी मजबूत करते हुए अलर्ट मोड पर रखा गया है। धाम में एटीएस तैनात की गई है। यात्रा के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
बदरीनाथ धाम क्षेत्र में संभावित बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। सभी प्रवेश मार्गों, प्रमुख स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। सबसे अहम बात ये है कि बदरीनाथ धाम में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने मोर्चा संभाल लिया है। एटीएस की तैनाती के साथ ही सुरक्षा के स्तर को और बेहतर किया गया है।
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से निश्चिंत होकर यात्रा करने की अपील करते हुए कहा कि, बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं से संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया है। चमोली पुलिस ने कहा कि वो चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम बनाने के लिए पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं।
बता दें कि 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुल चुके हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। अब केदारनाथ धाम की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली भी शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धाम के लिए रवाना हो गई है। 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड स्थित गौरीमाई मंदिर गौरीकुंड पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम निर्धारित है। 21 अप्रैल को डोली पुनः प्रस्थान कर केदारनाथ धाम पहुंचेगी और मंदिर भंडार में विराजमान होगी। 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08ः00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। जिसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा।
बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को सुबह 6ः15 बजे भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। बदरीनाथ धाम उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित है। ये धाम अलकनंदा नदी के किनारे स्थित है।












