केदारनाथ धाम पहुंची वृद्ध माता को पुलिस ने दिया सहारा
परिजनों से सम्पर्क स्थापित करने में दिल्ली पुलिस का लिया सहयोग

ठंड से बीमार पड़ चुकी वृद्ध माता का उपचार करवाने के साथ ही उनके परिजनों से मिलवाने में पाई सफलता
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ दर्शनों को पहुंची एक वृद्ध महिला यात्री के अपने परिजनों से बिछड़ने के बाद पुलिस ने सहारा दिया। धाम में अधिक ठंड पड़ने से बीमार महिला का पुलिस ने स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार कराया तथा परिजनों से संपर्क कर बुजुर्ग महिला को उनके सुपुर्द किया।
केदारनाथ में सांयकालीन आरती के बाद एक नेपाली पिट्ठू वाला केदारनाथ पुलिस के पास आया और उसने बताया कि उसके साथ एक वृद्ध महिला यात्री हैं, जिन्हें वह गौरीकुण्ड से लेकर आया है। पुलिस सहायता में नियुक्त पुलिस बल ने बुजुर्ग महिला सावित्री देवी निवासी दिल्ली से वार्तालाप कर जानकारी ली, तो महिला ने बताया कि वह अपने पति व पुत्री के साथ केदारनाथ आई हैं। उनके पास किसी का मोबाइल नम्बर नहीं था। पुलिस ने मन्दिर परिसर से अनाउंसमेंट कराया, लेकिन किसी से सम्पर्क नहीं हो पाया। धाम में बढ़ती ठंड से बुजुर्ग महिला का स्वास्थ्य खराब होने से पुलिस ने उन्हें केदारनाथ चिकित्सालय में भर्ती कराया तथा इनके परिजनों की ढूंढ खोज जारी रखी। चौकी केदारनाथ पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बताए गए पते के आधार पर दिल्ली पुलिस से सम्पर्क स्थापित किया। उनका फोटो दिल्ली पुलिस को उपलब्ध कराया। संबंधित क्षेत्र के बीट कांस्टेबल की सहायता से इस बुजुर्ग महिला की पुत्री सविता का नम्बर लिया गया, जिस पर पुलिस ने मोबाइल नम्बर पर काफी बार कॉल किया, जिसके बाद फोन को रिसीव कर उन्होंने स्वयं को केदारनाथ क्षेत्र में होना बताया। पुलिस ने महिला को लोकेशन भेजकर चिकित्सालय में बुलाकर परिजनों से मिलवाया। महिला की पुत्री सविता व पति निरंजन लाल निवासी मादीपुर दिल्ली ने पुलिस का आभार प्रकट किया।